देववृंद क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का खेल, बजरंग दल नेता ने लगाई जांच की गुहार

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने देववृंद क्षेत्र में भूमाफियाओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि तालाबों व सरकारी भूमि पर कब्जा कर अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक अनिल मिश्र, मंडल आयुक्त अटल कुमार राय व जिलाधिकारी मनीष बंसल को शिकायत पत्र भेजकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विकास त्यागी ने आरोप लगाया कि देववृंद के विनिमय क्षेत्र के अवर अभियंता की मिलीभगत से कॉलोनियों को अवैध रूप से पास किया गया है। इनमें कई स्थान ऐसे हैं जहां सरकारी भूमि, तालाब व विवादित भूखंड पर कॉलोनियां विकसित की गई हैं, जबकि कुछ पर न्यायालय का स्टे भी है। उन्होंने बताया कि इन कॉलोनियों को टुकड़ों में बांटकर लेआउट व मानचित्र पास कर दिए गए हैं, जो सैकड़ों बीघा में फैली हुई हैं।
बजरंग दल नेता ने कहा कि इन अवैध कॉलोनियों में न तो मानक के अनुसार सड़कें छोड़ी गई हैं और न ही पार्कों की व्यवस्था की गई है। कॉलोनियों में 20 फीट से कम चौड़ी सड़कें बनाई गई हैं और नियमों को ताक पर रखकर निर्माण कराया जा रहा है। इस कारण सरकार को राजस्व की हानि भी पहुंचाई गई है।
त्यागी ने पत्र के साथ ऐसी कॉलोनियों की सूची भी संलग्न की है और मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए दोषी भूमाफियाओं व अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।