डंपर और कंटेनर की टक्कर में छह घायल


शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर: रविवार देर रात कलसिया मुजफ्फराबाद रोड पर एक खाली डंपर और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया, जहां से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
कंटेनर जीवाला की ओर जा रहा था, जबकि सामने से आ रहा डंपर खाली था।इसी दौरान डंपर अनियंत्रित होकर कंटेनर से टकरा गया।अस्पताल में भर्ती जीवाला निवासी नजीर अहमद ने बताया कि कंटेनर में सवार लोग मुजफ्फराबाद से गांव लौट रहे थे। उन्होंने डंपर चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। घायलों में सलीम, जुनेद और नईम गंभीर रूप से घायल हैं। जुनेद हादसे के बाद से बेहोश है। सलीम के सिर और टांग में चोट लगी है। जबकि नईम के मुंह पर चोट लगी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


















