नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण शुरू


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा मनीष बंसल के निर्देशानुसार भारत सरकार द्वारा प्रायोजित नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 फरवरी 2026 से नागरिक सुरक्षा कार्यालय परिसर, सहारनपुर में प्रारंभ हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम द्वितीय बैच के रूप में संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह एवं चीफ वार्डन राजेश कुमार जैन के संबोधन के साथ हुआ। अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और जनसहयोग की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण का उद्देश्य नागरिक सुरक्षा वॉलेंटियर को आपदा एवं आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए सक्षम बनाना है, ताकि किसी भी संकट की घड़ी में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।
डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस कश्मीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित अवधि तक चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवकों को व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।


















