‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान का चौथा चरण शुरू


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। प्रकृति के प्रति संवेदना और मानव सेवा के संकल्प को साकार रूप देते हुए संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण का शुभारंभ किया गया। यह अभियान परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशानुसार देशभर में भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सहारनपुर जोन-54 के जोनल इंचार्ज कुलभूषण चौधरी के नेतृत्व में मानकमऊ स्थित बड़ी नहर पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। वहीं देवबंद ब्रांच में मुखी प्रकाश चंद और रजत बत्रा के नेतृत्व में श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी कुंड भवन में अभियान की शुरुआत की गई। महेश्वरी खुर्द, जाटों वाला, बेहट, घतोली राघड़, कपासा सहित जनपद की विभिन्न ब्रांचों में निरंकारी स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि यह विशाल अभियान देशभर में 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ संचालित किया गया, जिससे यह प्रयास ऐतिहासिक स्वरूप धारण कर रहा है। इसका उद्देश्य जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है।
मिशन द्वारा वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत की गई थी। यह पहल जल संरक्षण को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर उसे जीवनशैली और सेवा-भाव के रूप में अपनाने की प्रेरणा देती है, ताकि स्वच्छ जल के माध्यम से स्वच्छ मन और स्वच्छ समाज का निर्माण हो सके।
नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए समर्पित इस जनआंदोलन ने अपने पूर्व चरणों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। गीत-संगीत, सामूहिक गान, जागरूकता संगोष्ठियों और सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से जलजनित रोगों और स्वच्छता के महत्व पर जनचेतना बढ़ाई जा रही है।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का संदेश है कि धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक सुंदर, स्वच्छ और संतुलित रूप में संरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान इसी संकल्प का जीवंत प्रतीक बनकर समाज को प्रकृति, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर अग्रसर कर रहा है।


















