होली पर मिलावटखोरों पर सख्ती: अवैध मसाला इकाई सील, 499 किलो खाद्य सामग्री जब्त


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। होली पर्व के मद्देनज़र मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद सहारनपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मसाला निर्माण इकाई को सील कर दिया। मौके से 1,19,760 रुपये मूल्य की 499 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की गई।
अभियान के दौरान आजाद कॉलोनी, जहुरी मस्जिद के निकट संचालित अजीम पुत्र बाबू अहमद की मसाला निर्माण इकाई का सघन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान निर्माण प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था, स्वच्छता और कच्चे माल की गुणवत्ता की पड़ताल की गई। संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर के तीन नमूने विधिवत संगृहीत किए गए।
निरीक्षण में पाया गया कि बिना समुचित लेबलिंग और अभिलेखों के बड़ी मात्रा में मसाला उत्पाद भंडारित थे। लगभग 168 किलोग्राम हल्दी पाउडर और 331 किलोग्राम मिर्च पाउडर सहित कुल 499 किलोग्राम खाद्य सामग्री को Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत अग्रिम आदेश तक सीज कर दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि इकाई के पास वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण उपलब्ध नहीं था, जिसे अधिनियम का गंभीर उल्लंघन मानते हुए संपूर्ण निर्माण परिसर को सील कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त टीम ने इब्राहिम कॉलोनी, खाताखेड़ी स्थित शौकीन मलिक के प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। यहां से रंगीन कचरी और बेसन (प्रयुक्त सरसों तेल सहित सामग्री) के नमूने विधिक प्रक्रिया के तहत लिए गए। प्रतिष्ठान संचालक को स्वच्छता और गुणवत्ता संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य) मनोज कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित महेश कुमार, जगदम्बा प्रसाद और जवाहर लाल शामिल रहे। सभी संगृहीत नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोष सिद्ध होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व तक विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा और मिलावटखोरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















