घने कोहरे और तेज धूप के बीच झूल रहा मौसम, बदलते तापमान से बढ़ रही बीमारियां


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। बदलते मौसम के मिजाज ने एक बार फिर लोगों को असमंजस में डाल दिया है। शुक्रवार सुबह घने कोहरे ने सर्दी का अहसास कराया, जिससे लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। वहीं दिन चढ़ने के साथ ही अचानक तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई और लोगों को गर्मी का अनुभव होने लगा। मौसम के इस लगातार बदलते स्वरूप ने जनजीवन के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। जनवरी के अंतिम सप्ताह से ही मौसम ने अपना रंग बदलना शुरू कर दिया था। तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का अहसास होने लगा था, जबकि सुबह और शाम के समय सर्दी बनी हुई है। कभी घने बादल छा जाते हैं तो कभी कोहरा वातावरण को ढक लेता है, जिससे बारिश की संभावना के साथ सर्दी का प्रभाव भी बढ़ जाता है। कई बार सुबह का घना कोहरा सर्दी के रौद्र रूप का एहसास कराता है, लेकिन कुछ ही समय बाद तेज धूप निकलने से मौसम पूरी तरह बदल जाता है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। बदलते तापमान के कारण सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार जैसी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है, खासकर छोटे बच्चों को ठंड और धूप दोनों से बचाकर रखना जरूरी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का यही मिला-जुला रुख बना रह सकता है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।


















