रिसेप्शन पार्टी में हर्ष फायरिंग से युवक की मौत, एसएसपी अभिनन्दन सिंह ने संभाला मोर्चा


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। समारोह के बीच चली गोली एक व्यक्ति को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन तत्काल घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया और उत्सव का माहौल गम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। थाना मंडी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तथा फायरिंग करने वाले व्यक्ति की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। एसएसपी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है।
एसएसपी अभिनन्दन सिंह ने सख्त शब्दों में कहा कि हर्ष फायरिंग जैसी जानलेवा लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बने। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है तथा एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार समारोह में मौजूद वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना ने एक बार फिर हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध और इससे होने वाले जानमाल के नुकसान की गंभीरता को उजागर किईया है।


















