सीडी रेशियो 62% लक्ष्य की ओर बढ़ता सहारनपुर, बृहद ऋण शिविर में 55 करोड़ के ऋण स्वीकृत


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मार्च 2026 तक प्रदेश का सीडी रेशियो 62 प्रतिशत तक बढ़ाने के लक्ष्य के अंतर्गत शुक्रवार को साउथ सिटी, दिल्ली रोड स्थित परिसर में बृहद ऋण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अग्रणी बैंक प्रबंधक कृषाणु दास ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में यूपी नेडा (पीओ) आर.बी. वर्मा, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अधिकारी प्रदीप कुमार, आरसेटी निदेशक दीपक कुमार, पीएनबी के मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे, पीएनबी से अरविंद कुमार, अनुज चौधरी सहित जनपद के समस्त बैंक समन्वयकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने बैंकर्स को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की प्राप्ति में जनपद सहारनपुर का महत्वपूर्ण योगदान होना चाहिए। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं विकासपरक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए।
शिविर में विभिन्न बैंकों द्वारा संयुक्त रूप से लगभग 55 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए, जिससे 236 लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला। अग्रणी बैंक कार्यालय से एफएलसी प्रतिनिधि शान हुसैन ने उपस्थित लोगों को सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए 1930 टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम का संचालन अमित चौबे द्वारा किया गया। शिविर को सफल बनाने में बैंक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।


















