सहारनपुर

रामपुर मनिहारान में पुलिस मुठभेड़: गौकशी की तैयारी कर रहा एक आरोपी घायलावस्था में गिरफ्तार

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना रामपुर मनिहारान पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गौकशी की घटना को अंजाम देने जा रहे एक आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक जिंदा गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार हो गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध, हत्या, गौकशी, चोरी, लूट, डकैती, नकबजनी, छिनैती व अवैध नशे के कारोबार की रोकथाम के लिए जनपदीय पुलिस द्वारा सघन गश्त एवं चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 20 फरवरी 2026 को थाना रामपुर मनिहारान पुलिस को सूचना मिली कि बड़गांव मल्लीपुर रोड स्थित आम के बाग में दो व्यक्ति गौकशी की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि ट्यूबवेल के पीछे पेड़ से एक गोवंश बंधा हुआ था और दो व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लिए खड़े थे। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाजिद उर्फ पेंचू पुत्र बसीर निवासी चकवाली, थाना रामपुर मनिहारान के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी गौकशी का मुकदमा दर्ज है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस .315 बोर, एक मोटरसाइकिल, एक जिंदा गोवंश तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण (कुल्हाड़ी, लकड़ी का गुटका, छुरा व दांव) बरामद किए गए हैं।

पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!