रमज़ान व्यवस्थाओं को लेकर पार्षद दल ने मंडलायुक्त व एसएसपी को सौंपा ज्ञापन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। माहे रमज़ान के मद्देनज़र शहर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने मंडलायुक्त रूपेश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह से मुलाकात कर उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
पार्षद मंसूर बदर ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि रमज़ान के दौरान सेहरी और इफ्तारी के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि रोज़ेदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही नगर तथा नगर निगम में शामिल 32 गांवों में विशेष सफाई अभियान, स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती, नियमित जलापूर्ति और सीवरेज की सफाई की व्यवस्था कराने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में ईदगाह, जामा मस्जिद मार्ग तथा मिगलानी बिल्डिंग पुलिया से आनंद नगर पुलिया तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत एवं सफाई कराने की मांग भी शामिल रही, जिससे ईदगाह जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में थाना कुतुबशेर, थाना मंडी और नगर कोतवाली क्षेत्रों में रोज़े के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। साथ ही रेंच के पुल से पुल कंबोह होते हुए रायवाला मार्ग तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात करने का सुझाव दिया गया।
अधिकारियों ने पार्षद दल को आश्वस्त किया कि रमज़ान के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इस अवसर पर पार्षद समीर अंसारी, सईद सिद्दीकी, रईस पप्पू, महमूद हसन, ज़फ़र अंसारी, इज़हार मंसूरी, आसिफ अंसारी, गुलज़ेब खान, डॉक्टर मंसूर तथा मेनपाल कमाल मलिक सहित अन्य गणमान्य पार्षद उपस्थित रहे।


















