सहारनपुर

मोदी और योगी को भेजा जायेगा गोबर निर्मित गुलाल

नगर निगम की गौशाला में तैयार किया जा रहा है प्राकृतिक तत्वों से सुरक्षित गुलाल

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर। होली के पावन पर्व को सतरंगी और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम द्वारा संचालित कान्हा उपवन गौशाला ने इस वर्ष पांच रंगों में गोमय गुलाल तैयार किया है। गाय के गोबर से तैयार यह गुलाल इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश की अनेक हस्तियों को भेजा जायेगा। महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि माँ शाकुंभरी कान्हा उपवन गौशाला प्रदेश की पहली ऐसी कान्हा गौशाला है जो गोमय गुलाल का व्यावसायिक उत्पादन कर रही है। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य श्रद्धा के साथ स्वच्छता और पर्यावरण को जोड़ना तथा गौशाला को आत्म निर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से यह गोमय गुलाल इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अलावा हरियाणा, बिहार, दिल्ली और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्रियों व अनेक केंद्रीय मंत्रियों को भेजा जायेगा। नगरायुक्त शिपू गिरि ने भी सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे होली के पर्व को हर्षोल्लास से मनाने तथा सुरक्षित और सतरंगी बनाने के लिए इस ‘गोमय गुलाल’ का उपयोग करते हुए निगम द्वारा संचालित गौशाला की अनूठी पहल का हिस्सा बनें और अपनी खुशियों को दोगुना करें। गौशाला प्रभारी व निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि गोबर से निर्मित इस गुलाल की शहर के अलावा बड़ी मात्रा में ऑन लाइन डिमांड को देखते हुए गौशाला में बडेघ् पैमाने पर गुलाल तैयार किया जा रहा है। यह गुलाल मुख्य रूप से पाँच रंगों- भगवा, पीला, गुलाबी, हरा तथा लाल रंगों में तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि गोमय गुलाल पूर्णतः केमिकल मुक्त और प्राकृतिक तत्वों से निर्मित होने के कारण त्वचा और आंखों के लिए सुरक्षित है तथा पूरी तरह से ‘बायो-डिग्रेडेबल’है, यानि इससे पर्यावरण पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। डॉ. मिश्रा ने बताया कि लोगों की सुविधा और मांग को देखते हुए इसे 100 ग्राम और 200 ग्राम के आकर्षक पैकेट में पैक किया गया है। इसकी उपलब्धता को सुगम बनाने के लिए नगर निगम ने दोहरे इंतजाम किए हैं। यह गुलाल नगर निगम परिसर सहित शहर के प्रमुख स्थानों तथा गौशाला आउटलेट्स पर उपलब्ध है। इसके अलावा घर बैठे मंगाने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भी इसकी बिक्री की जा रही है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!