सहारनपुर

रमजान का चाँद नजर आते ही बाजारों में बढ़ी रौनक, तैयारियों में जुटे रोजेदार

सवैया, खजला और इबादत से जुड़े सामानों की खरीदारी तेज, गुरुवार को रखा जाएगा पहला रोजा

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। पवित्र रमजान महीने का चाँद नजर आते ही शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बन गया है। चाँद के दीदार के साथ ही रोजेदारों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और रमजान की तैयारियां शुरू कर दीं। गुरुवार को पहला रोजा रखा जाएगा। रमजान के आगमन को लेकर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों के बाजार पूरी तरह सज गए हैं और दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी है। देर शाम चाँद दिखाई देने के बाद लोगों ने सहरी और इफ्तार के लिए आवश्यक सामानों की खरीदारी शुरू कर दी। बाजारों में फनी सवैया, खजला, खजूर, शरबत, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। दुकानदारों ने ग्राहकों की सुविधा के लिए विभिन्न प्रकार की सवैया और खजले की विशेष व्यवस्था की है। दुकानदारों का कहना है कि रमजान शुरू होने से पहले ही बाजारों में खरीदारी बढ़ जाती है। लोग सहरी और इफ्तार के लिए जरूरी खाद्य सामग्री के साथ-साथ फल, खजूर और अन्य आवश्यक वस्तुएं खरीद रहे हैं। इसके अलावा नमाज और इबादत से जुड़े सामान जैसे टोपी, जानमाज, इत्र और तस्बीह की मांग भी बढ़ गई है। मुस्लिम समाज के लोगों ने बताया कि रमजान का महीना इबादत, संयम और भाईचारे का प्रतीक है। इस दौरान रोजेदार अल्लाह की इबादत करते हैं और जरूरतमंदों की मदद भी करते हैं। मस्जिदों में विशेष साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि नमाज अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बाजारों में बढ़ती रौनक और लोगों के उत्साह से साफ है कि रोजेदार पवित्र रमजान महीने के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं और इबादत के इस पवित्र महीने की शुरुआत श्रद्धा और उल्लास के साथ करने जा रहे हैं।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!