मेगा शिविर के प्रचार वाहन को जिला जज ने दिखाई हरी झंडी, 22 फरवरी को पात्र व्यक्ति ले सकेंगे योजनाओं का लाभ


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में समाज के निर्बल एवं पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा शिविर के प्रचार-प्रसार की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को सतेन्द्र कुमार, जनपद न्यायाधीश द्वारा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश देवेन्द्र सिंह, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अम्बर रावत, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी एवं सचिव पालम राणा भी उपस्थित रहे। प्रचार वाहन जनपद की विभिन्न तहसीलों, गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जाकर मेगा शिविर की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा। जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने बताया कि मेगा शिविर का उद्देश्य समाज के कमजोर, असहाय एवं पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें मौके पर ही लाभान्वित करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर वृद्धावस्था पेंशन, आयुष्मान कार्ड, कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ उठाएं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सभाकक्ष में जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में अपर जिला जज अभय कृष्ण तिवारी, शाश्वत पाण्डेय, त्रिभुवन नाथ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहारनपुर के पूर्णकालिक सचिव पप्पू कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में समाज कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, कौशल विकास, पशुपालन, मत्स्य पालन, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, वन, डाक एवं खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे मेगा शिविर हेतु पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उनकी सूची समय से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिविर में अधिकतम लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।


















