जिलाधिकारी मनीष बंसल ने की सड़क सुरक्षा समिति की गहन समीक्षा
यातायात के नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध चालान, ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन जब्ती की होगी कार्यवाही अवैध बस स्टैंड, डग्गामार वाहन, अवैध ई-रिक्शा एवं ई-ऑटो के विरुद्ध चलाया जाए विशेष अभियान


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन न करने वालों के विरूद्ध चालान, ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन जब्ती की कार्यवाही अमल में लाई जाए। जिलाधिकारी श्री बंसल आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सकारात्मक प्रवृत्ति को सतत बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में गठित क्रिटिकल कॉरिडोर टीम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सुझावों के आधार पर रोड मार्ग विभाग द्वारा कराए जा रहे सुधारात्मक कार्य एक उत्कृष्ट रोल मॉडल के रूप में स्थापित हों जिनके माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अंडर एज वाहन चालकों एवं स्कूली बच्चों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही की जाए तथा इनके अभिभावकों को भी अवगत कराया जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा चालकों तथा हाईवे पर चलने वाले ईरिक्शा चालकों के विरुद्ध भी नियमित चालान सुनिश्चित किए जाएँ। उन्होंने जनपद में संचालित अवैध ओवरलोडिंग वाहनों तथा गन्नाध्लकड़ी से लदी ट्रॉलियों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी चेकिंग अभियान चलाते हुए नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़क सुरक्षा सुदृढ़ हो एवं दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं विद्यालयों के आसपास किसी भी प्रकार के वाहन अव्यवस्थित रूप से खड़े न हों, यह सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाकर चिन्हित होल्डिंग एरिया में स्थानांतरित किया जाए। स्कूल बसों एवं अन्य बसों की फिटनेस की विशेष जांच कराई जाए तथा क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाने वाले रिक्शा/स्कूली वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने बसों को भी अव्यवस्थित रूप से खड़ा न करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार प्रवर्तन कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि सभी मुख्य मार्गों पर अवैध कट तत्काल बंद कराए जाएँ। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खण्ड लोक निर्माण विभाग श्री धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेन्द्र श्रीवास्तव, नगर निगम, एनएचएआई, उपशा एवं अन्य मार्ग निर्माण विभागों के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



















