सहारनपुर

पूर्व डीजीपी पर दो वोट रखने का आरोप, प्रेस वार्ता में जांच की मांग

शमसुद्दीन चौधरी बोले—मामले की निष्पक्ष जांच हो, प्रशासन को भेजी जाएगी शिकायत

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर। घंटाघर स्थित होटल प्रेसिडेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के पड़ोसी शमसुद्दीन चौधरी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस से जुड़े रहे पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा ने कथित रूप से दो अलग-अलग स्थानों पर वोट बनवा रखी हैं। उन्होंने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस वार्ता में शमसुद्दीन चौधरी ने आरोप लगाया कि मोहम्मद मुस्तफा की एक वोट वार्ड नंबर 21, तालाब बाजार, मलेरकोटला (पंजाब) में दर्ज है, जबकि दूसरी वोट उनके पैतृक गांव हरडाखेड़ी में बनी हुई बताई जा रही है। उनका कहना है कि दोनों स्थानों पर अलग-अलग वोटर आईडी कार्ड नंबर अंकित हैं, जो भारतीय निर्वाचन कानून के तहत दंडनीय हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि ऐसा है तो यह गलत हलफनामा देकर दोहरी मतदाता पंजीकरण का मामला बनता है।
चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की कि दोनों वोटों और वोटर आईडी कार्ड की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर को लिखित शिकायत ईमेल के माध्यम से भेजी जाएगी, जिसमें कथित दोहरे पंजीकरण और अन्य संभावित अनियमितताओं की जांच की मांग की जाएगी।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी इस मामले पर स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि यदि उनके आरोप निराधार हैं तो संबंधित पक्ष सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दें।
इस संबंध में मोहम्मद मुस्तफा या कांग्रेस पार्टी की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!