उ.प्र. माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा आज से, तैयारियां पूरी
जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के दिए सख्त निर्देश


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं बुधवार से प्रारंभ होने जा रही हैं, जिसके लिए प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में परीक्षाओं के निष्पक्ष संचालन हेतु व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी के अनुसार परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि जनपद को छह जोन में विभाजित कर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। इस वर्ष जनपद में कुल 89 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी निगरानी में परीक्षाएं कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।


















