मोन्ट फोर्ट स्कूल में एबेकस व वैदिक गणित प्रश्नोत्तरी, आर्यभट्ट टीम रही अव्वल


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर , गागलहेड़ी। ब्रेन बूस्टेबल द्वारा मोन्ट फोर्ट स्कूल, गागलहेड़ी में एबेकस एवं वैदिक गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 2 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया—प्राइमरी (कक्षा 2-3), सीनियर प्राइमरी (कक्षा 4-5) एवं जूनियर (कक्षा 6-8)। प्रत्येक वर्ग में पांच-पांच टीमों का गठन किया गया, जिनके नाम महान गणितज्ञों—आर्यभट्ट, श्रीनिवास रामानुजन, भास्कराचार्य, श्रीधराचार्य एवं ब्रह्मगुप्त—के नाम पर रखे गए।
प्राइमरी वर्ग में आर्यभट्ट टीम ने प्रथम, भास्कराचार्य टीम ने द्वितीय तथा ब्रह्मगुप्त टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर प्राइमरी वर्ग में आर्यभट्ट टीम प्रथम, ब्रह्मगुप्त टीम द्वितीय एवं भास्कराचार्य टीम तृतीय रही। जूनियर वर्ग में भी आर्यभट्ट टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि भास्कराचार्य टीम द्वितीय और ब्रह्मगुप्त टीम तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के उपरांत विजेता टीमों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी टीमों को भी प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि मोनिका यादव, चौकी प्रभारी महिला थाना गागलहेड़ी, ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि एबेकस और वैदिक गणित जैसी गतिविधियाँ बच्चों के मानसिक विकास, एकाग्रता और तार्किक क्षमता को बढ़ाने में अत्यंत सहायक हैं। मोन्ट फोर्ट स्कूल के निदेशक पंकज गर्ग ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए ब्रेन बूस्टेबल के निदेशक अरिहंत जैन एवं प्रशिक्षिका मीनाक्षी कम्बोज का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुआ।


















