मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस का विधानसभा घेराव आज
प्रदेशभर में अलर्ट, कई नेता नजरबंद; सुबह 11 बजे मुख्यालय से कूच


शहरी चौपाल ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का घेराव किया जाएगा। पार्टी ने इसके लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेताओं को रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस नेता प्रदेश मुख्यालय पर एकत्रित होंगे और वहां से जुलूस के रूप में विधानसभा की ओर कूच करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि मनरेगा योजना में कथित कटौती और श्रमिकों के हितों की अनदेखी के विरोध में पार्टी ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ शुरू किया है। उनका आरोप है कि सरकार की नीतियों से ग्रामीण मजदूरों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 दिसंबर 2024 को भी अजय राय के नेतृत्व में विधानसभा का घेराव किया गया था, जिसमें पार्टी ने पूरी ताकत झोंकी थी। उस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था।
मंगलवार को प्रस्तावित घेराव को लेकर प्रशासन सतर्क है। पुलिस ने कई जिलों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को हाउस अरेस्ट किया है और उन्हें लखनऊ आने से रोका जा रहा है। राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह घेराव आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से कांग्रेस के लिए शक्ति प्रदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।


















