जिलाधिकारी ने किया कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालयों का सघन निरीक्षण
पंजिकाओं एवं पत्रावलियों को बारीकी से किया अवलोकन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयांे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय में राजस्व सहायक प्रथम, न्यायिक सहायक द्वितीय, नगर पालिका परिषद, आयुद्ध, राजस्व सहायक द्वितीय, बिल सहायक पटल को देखा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री बंसल ने निर्देश दिए कि निरीक्षण पुस्तिका में संबंधित कर्मचारियों का नाम भी उल्लेखित किया जाए। सभी पटलों के कार्य विभाजन को देखा। सभी से कहा कि मानव संपदा के विवरणों को भौतिक रूप से भी रखा जाए। सभी कर्मचारी ई-ऑफिस के आधार पर शत-प्रतिशत कार्य करना सुनिश्चित करें। रिटायर्ड होने वाले कार्मिकों की पंजिका को देखा तथा इनको अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्हांेने सख्त निर्देश दिए कि उच्च स्तर पर दिए गये निर्देशों के आधार पर की गयी कार्यवाही को सर्विस बुक में भी उल्लेखित किया जाए। कार्यालय में उल्लेखित रजिस्टरों में मास्टर रजिस्टर भी बनाया जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी पटलों के कनिष्ठ प्रभारियों की भी नियुक्ति की जाए। रजिस्टरों को नियमानुसार बनाया जाए। कोई भी प्रकरण लम्बित न रहे। डिस्पैच रजिस्टर के साथ-साथ विषय को भी उल्लेखित किया जाए। सभी कर्मचारी अपने आईकार्ड का डिसप्ले करें। आंग्ल अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होने रिकार्ड को कर्मिक रूप से वैज्ञानिक ढंग से लगाने के निर्देश दिए ताकि डिजिटल दस्तावेजों की भांति भौतिक दस्तावेजों की भी एक क्लिक पर यथाशीघ्र जानकारी मिल सके। नजारत का निरीक्षण कर उन्होने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिए कि नजारत के संबंध में एक एसओपी तैयार की जाए। समस्त कार्यों का रजिस्टर में अंकन किया जाए। वस्तुओं की खरीदारी नियमानुसार जैम पोर्टल से की जाए। राजस्व एवं न्यायिक अभिलेखागार के रिकार्डों का गहन निरीक्षण किया। उन्होने निर्देश दिए कि अभिलेखागार का रख-रखाव हमेशा बेहतर तरीके से किया जाए। जिला भूमि व्यवस्था अधिकारी के कार्यालय का निरीक्षण कर पत्रावलियों को व्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। भूलेख अनुभाग में कृषक दुर्घटना सहित अन्य पत्रावलियों का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन, वित्त एवं राजस्व, न्यायिक के न्यायालयों का निरीक्षण कर उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने वादों को दिन-प्रतिदिन की तिथि देकर यथाशीघ्र निस्तारित किया जाए। 05 वर्ष से अधिक पुराना कोई भी वाद लम्बित न रहे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राम आसरे वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, ओएसडी अनिप कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


















