सड़क निर्माण के दौरान हरे वृक्ष काटने का विरोध, जिला वन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
पर्यावरण संरक्षण का हवाला देते युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने की कार्रवाई की मांग


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वार्ड संख्या 48 आवास विकास क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क के दोनों ओर खड़े हरे-भरे वृक्षों को काटे जाने की आशंका के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला वन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल संरक्षण की मांग की है। आज युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल आज जिला वन अधिकारी से मिला और उन्हें एक ज्ञापन भी दिया। ज्ञापन में बताया गया कि जैन कन्फेक्शनरी से लेकर मकान संख्या 126 व 127 (डॉ. विनय जोशी के सामने) तक निर्माणाधीन सड़क के दोनों ओर फलदार एवं अन्य हरे वृक्ष खड़े हैं, जिन्हें सड़क निर्माण के नाम पर काटे जाने की संभावना है। नागरिकों ने इस संबंध में पूर्व में भी दूरभाष के माध्यम से वन विभाग को अवगत कराया था और अब लिखित रूप में कार्रवाई की मांग दोहराई है। ज्ञापन में पर्यावरण संरक्षण का हवाला देते हुए कहा गया कि जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उत्तर प्रदेश को प्रदूषण से बचाने और पर्यावरण संरक्षण की बात कर रहे हैं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘एक पेड़, मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है, तो ऐसे में हरे-भरे वृक्षों को काटना उचित नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि संबंधित वृक्ष सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं कर रहे हैं, जबकि सड़क पर आगे बिजली के खंभे मौजूद हैं। ऐसे में विकास के नाम पर पेड़ों की कटाई को अनुचित बताते हुए पर्यावरण और जनहित में इन्हें संरक्षित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में जिला वन अधिकारी से मांग करते हुए कहा कि निर्माणाधीन सड़क के साथ-साथ पूरे महानगर में विकास और अतिक्रमण के नाम पर सड़कों के किनारे काटे जा रहे वृक्षों को बचाने के लिए विभागीय स्तर पर कठोर कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएं। इस अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष वरुण शर्मा, जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा, प्रदेश सचिव अक्षय चैधरी, जिला उपाध्यक्ष राजन बिरला, जिला सचिव प्रभजीत सिंह लाम्बा सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।


















