सहारनपुर

सहारनपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को मिला ‘न्याय रथ’, दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचेगी कानूनी सहायता

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर। जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में नई मल्टी यूटिलिटी व्हीकल (एमयूवी) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह, मोटर वाहन अधिनियम के न्यायिक अधिकारी अंबर रावत, अपर जिला जज अभय कृष्ण तिवारी, अपर जिला जज प्रकाश तिवारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव पप्पू कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वाहन की विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशानुसार विधिक सेवा गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में निवास करने वाले लोगों तक न्यायिक सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से प्रत्येक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को Force Motors Limited द्वारा निर्मित Force Trax Cruiser वाहन उपलब्ध कराया गया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिए यह मल्टी यूटिलिटी वाहन एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ‘न्याय रथ’ के रूप में उपयोग होने वाला यह वाहन दूरदराज क्षेत्रों में जाकर कानूनी जागरूकता अभियान चलाएगा और ‘न्याय आपके द्वार’ के संकल्प को साकार करेगा।
इसके अतिरिक्त इस वाहन का उपयोग मोबाइल मध्यस्थता केंद्र के रूप में भी किया जाएगा, जिससे छोटे-मोटे विवादों का मौके पर ही समाधान संभव हो सकेगा। मध्यस्थता हेल्पलाइन 1800-180-1212 की जानकारी भी इसी वाहन के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को सशक्त बनाना तथा उन्हें सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!