ऑपरेशन सवेरा के तहत बेहट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
15.40 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक नशा तस्कर गिरफ्तार


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन सवेरा” के अंतर्गत थाना बेहट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15.40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में जनपद सहारनपुर सहित परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सतपाल भाटी के नेतृत्व में थाना बेहट पुलिस टीम द्वारा 16 फरवरी 2026 को चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने रीढी मोहीद्दीनपुर जाने वाले राजबाहे की पुलिया के पास से सरफराज पुत्र मतलूब उर्फ कल्लू निवासी ग्राम रीढी मोहीद्दीनपुर, थाना बेहट, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15.40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना बेहट में मु0अ0सं0 86/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्यवाही पूर्ण कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


















