उत्तर प्रदेश गिल्ली डंडा स्पोर्ट्स एसोसिएशन का हुआ गठन, पुण्य गर्ग अध्यक्ष और मुस्तकीम अंसारी बने सचिव


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में गिल्ली डंडा खेल को विशेष बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश गिल्ली डंडा स्पोर्ट्स एसोसिएशन का विधिवत गठन किया गया। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा कर उनका माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। पूर्व राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय गर्ग के देहरादून रोड स्थित आवास पर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश गिल्ली डंडा स्पोर्ट्स एसोसिएशन का विधिवत गठन किया गया। जिसमें सहारनपुर मंडल ओलम्पिक संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता को संरक्षक, अशोक सक्सेना को चेयरमेन, पुण्य गर्ग को अध्यक्ष, सोनी भरत, पंकज गर्ग, राजेंद्र कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, लाल धर्मेंद्र प्रताप को उपाध्यक्ष, मौ. मुस्तकीम अंसारी को सचिव, रविंद्र कुमार भरत को वरिष्ठ सहसचिव, मशहूर अली को सहसचिव, सरिता प्रजापति को वरिष्ठ सह-सचिव, अमित कुमार को सहसचिव, चैधरी हैदर गुर्जर को कोषाध्यक्ष, एडवोकेट मौ. मुरसलीन को कानूनी सलाहकार, साजिद अली को मीडिया प्रभारी, दिव्यांशु सक्सेना को मैनेजर, तंजीम फातिमा, विष्णु चाहर, अन्नया अग्रवाल, सलाउद्दीन मलिक को मुख्य सदस्य के पद पर मनोनीत किया गया। बैठक में पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग ने नवनियुक्त पदाधिकारीयों को शुभकामनाएं देते हुए गिल्ली-डंडा खेल के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। नवनियुक्त संरक्षक डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि गिल्ली-डंडा हमारी मिट्टी से जुड़ा खेल है। प्रदेश स्तर पर एसोसिएशन के गठन से अब इसे न केवल सरकारी मान्यता और संसाधन मिलेंगे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश गिल्ली डंडा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के नवनियुक्त अध्यक्ष पुण्य गर्ग ने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य लक्ष्य इस खेल को प्रदेश के हर स्कूल और विश्वविद्यालय तक पहुँचाना है। हम जल्द ही जिला और प्रदेश स्तर पर विधिवत प्रतियोगिताओं का आयोजन शुरू करेंगे ताकि युवाओं को इस पारंपरिक खेल से फिर से जोड़ा जा सके। बैठक की अध्यक्षता डॉक्टर अशोक कुमार गुप्ता व संचालन मौ. मुस्तकीम अंसारी के द्वारा किया गया। बैठक मे कई नवनियुक्त पदाधिकारियों समेत खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।


















