सहारनपुर

महाशिवरात्रि पर सहारनपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब

शिवालयों में दिनभर गूंजते रहे बम-बम भोले के जयघोष

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर में देवों के देव महादेव का पावन पर्व महाशिवरात्रि अटूट आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के सभी शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने बम-बम भोले के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रातःकाल से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। नगर के प्रमुख श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को जलाभिषेक में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में मनीष बंसल सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और जनपद की खुशहाली की कामना की। वहीं चकराता रोड स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारों को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का बेलपत्र, भांग, धतूरा, शहद, गंगाजल, दूध, पुष्प और फलों से विधि-विधान के साथ जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ का आयोजन भी किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत मंदिर परिसरों में पुलिस बल तैनात रहा तथा कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। वहीं नगर निगम सहारनपुर द्वारा मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और दिनभर शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!