थाना नकुड़ पुलिस की 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, शातिर चोर गोली लगने से घायल गिरफ्तार
तीन ट्यूबवेल और बाइक चोरी में वांछित बदमाश के कब्जे से तमंचा, कारतूस व तांबे के तार बरामद


शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नकुड़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दूसरी मुठभेड़ में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नकुड़ में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा चोरी, हत्या, गोकशी, नकबजनी, एनडीपीएस समेत विभिन्न आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार रात प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार एवं उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार अधाना पुलिस बल के साथ चापररचीडी कांटे से पहले अम्बेहटा पीर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान अम्बेहटा पीर की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह वाहन मोड़कर भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा करने पर वह कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गया, जहां मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद आरोपी प्लास्टिक का कट्टा छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगा।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान इसरार उर्फ टिन्ना पुत्र वाजिद निवासी ग्राम चाऊसहसपुर उर्फ दरबूजी, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा प्लास्टिक के कट्टे में तांबे के तार बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तांबे के तार नकुड़ क्षेत्र के तीन ट्यूबवेलों से चोरी किए गए थे तथा मोटरसाइकिल कस्बा नकुड़ स्थित कस्तूरबा गांधी स्कूल के पास से चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त थाना नकुड़ में दर्ज मु0अ0सं0 48/2026, 76/2026 एवं 84/2026 धारा 303(2) बीएनएस में वांछित चल रहा था। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न थानों में चोरी व नकबजनी के लगभग एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा अन्य आपराधिक कड़ियों की जांच की जा रही है।


















