सहारनपुर

नकुड़ में धूमधाम से मना महाशिवरात्रि पर्व, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सरस्वती सत्संग भवन में सप्ताहभर चली कथा का समापन, विशाल भंडारे में उमड़ी भीड़

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नकुड़ (सहारनपुर)। महादेव भगवान भोलेनाथ की आराधना का पवित्र पर्व ‘महाशिवरात्रि’ नगर एवं क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। नगर के महादेव मंदिर, शिव मंदिर सहित दर्जनों शिवालयों में हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

नगर स्थित सरस्वती सत्संग भवन में एक सप्ताह से आयोजित कथा का समापन भी महाशिवरात्रि के अवसर पर हुआ। समापन समारोह में प्रवचन करते हुए देवी सुदीक्षा ने कहा कि “सत्यम शिवम सुंदरम तभी सार्थक होगा जब हम सत्य को शिव से जोड़ देंगे। सत्य और शिवम मिलकर ही सुंदरम बनता है।”

उन्होंने कहा कि भगवान शिव निराकार और साकार दोनों स्वरूपों में विराजमान हैं। महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिवशंकर के प्रदोष तांडव नृत्य का प्रतीक है। शिव प्रलय के पालनहार हैं और प्रलय के गर्भ में ही प्राणी का अंतिम कल्याण निहित है। ‘शिव’ शब्द का अर्थ कल्याण है और ‘रात्रि’ का अर्थ सुख प्रदान करने वाली शक्ति। इसलिए महाशिवरात्रि मानव जीवन में कल्याण का संदेश देती है।

देवी सुदीक्षा ने कहा कि शिव की महिमा को शब्दों में परिभाषित नहीं किया जा सकता, लेकिन उनकी आराधना और भक्ति मानव को हर संकट से उबारकर कल्याण के मार्ग पर अग्रसर करती है।

कथा में पहुंचे पालिका चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से उन्हें समाज सेवा का अवसर मिला है। कथा के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही हवन-यज्ञ के माध्यम से समस्त प्राणियों के कल्याण की कामना की गई, जिसमें अनेक यजमानों ने भाग लिया।

इस अवसर पर मामराज, गुरुदयाल, हंसराज, राजीव कालिया, सम्रत लाल, महिपाल सिंह एडवोकेट, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुभाष सिंघल, बालेश अग्रवाल, धनगर, राजीव चुग, गोकुल बत्रा, मनोज धनगर, ललित चुग, गगन चुग, कमला, सुषमा, दीपा, अन्नू, रीना सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त नकुलेश्वर महादेव मंदिर में भी भाजपा नेता शिव कुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम में भाग लिया, जहां सैकड़ों लोगों ने जलाभिषेक किया। तहसील स्थित शिव मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।

इस मौके पर संजय सिंघल, विनोद वर्मा, सचिन गुप्ता, अभिनव सिंघल, अभिषेक, जितेंद्र गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!