महाशिवरात्रि पर सिद्धपीठ हनुमान शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, केदारनाथ की तर्ज पर सजा मंदिर


शहरी चौपाल ब्यूरो फैय्याज अली आब्दी
नानौता। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर मोहल्ला सरावज्ञान स्थित सिद्धपीठ हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देवों के देव महादेव के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं।
मंदिर को इस अवसर पर केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगे फूलों और भव्य सजावट से पूरा परिसर शिवमय नजर आया। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए फूल, बेलपत्र, भांग पत्र और धतूरा आदि की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे भक्तों को पूजन सामग्री के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ा।
प्रातः चार बजे से पहले ही मंदिर के कपाट खोल दिए गए। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। इसके पश्चात सुबह की आरती संपन्न हुई और आरती के बाद भक्तों ने जलाभिषेक प्रारंभ किया। दोपहर तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और भारी भीड़ देखने को मिली। नगर के अन्य शिवालयों को भी भव्य रूप से सजाकर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
पंडित राजेश शास्त्री ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया है। उन्होंने कहा कि प्रातःकाल से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है और इस दिन श्रद्धा भाव से जलाभिषेक करने पर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
इस दौरान कृष्ण कुमार गुप्ता, अनुजवीर रोहिला, अर्पण गर्ग, नीरज धीमान, अतीश वर्मा, विशु रोहिला, दीपक नामदेव, भरत अग्रवाल, अमित नामदेव, सुमित नामदेव, राहुल रोहिला, सुभाष धीमान, गोपाल अरोड़ा, गोतम वर्मा, अनिल भटनागर, शिवम राणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



















