सहारनपुर

पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल गिरफ्तार

तमंचा, कारतूस, छिनैती की नकदी व बिना नंबर मोटरसाइकिल बरामद; एक साथी फरार

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी और चार मुकदमों में वांछित शातिर बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, छिनैती से संबंधित नकदी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में लूट, हत्या, गोकशी, नकबजनी, एनडीपीएस व चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 फरवरी 2026 की रात्रि को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात सुनील नागर व उपनिरीक्षक सुबोध शर्मा पुलिस बल के साथ ग्राम मंशापुर रोड, बालपुर रजवाहे की पटरी पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान काली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक ग्राम बालपुर की ओर से आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा करने पर दोनों मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाश कच्चे रास्ते की ओर मुड़ गए, जहां मोटरसाइकिल फिसल गई।

पुलिस के अनुसार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। मुठभेड़ में एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमान उर्फ महबूब उर्फ मोटा पुत्र मकबूल निवासी हुसैन बस्ती नया घास कांटा, थाना मण्डी, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तलाशी में उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस .315 बोर, 1000 रुपये नकद तथा बिना नंबर प्लेट की काली पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद नकदी थाना कोतवाली देहात में दर्ज छिनैती के मुकदमे (मु0अ0सं0 688/2025 धारा 304(2) बीएनएस) से संबंधित बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी थाना कोतवाली देहात का 25 हजार रुपये का इनामी है और मु0अ0सं0 672/2025, 644/2025, 688/2025 सहित थाना बेहट के दो मुकदमों में वांछित चल रहा था। उसके विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, चोरी और छिनैती से संबंधित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

फरार बदमाश की तलाश में पुलिस द्वारा जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!