सहारनपुर

12 राजयोग और 4 सिद्धि योग में मनी महाशिवरात्रि, सहारनपुर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार सुबह से ही महानगर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिरों के कपाट खुलते ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

महानगर के श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, पातालेश्वर महादेव मंदिर, हरि मंदिर और दुर्गा मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कई स्थानों पर भक्तों को कतार में खड़े रहने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी।

12 राजयोग और 4 सिद्धि योग का विशेष संयोग

इस वर्ष की महाशिवरात्रि विशेष ज्योतिषीय संयोगों के कारण और भी अधिक फलदायी मानी जा रही है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार 12 राजयोग और 4 सिद्धि योग के शुभ संयोग में शिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है, जिससे पूजा-अर्चना का पुण्यफल कई गुना बढ़ जाता है। यही कारण रहा कि इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह और भी अधिक देखने को मिला।

रातभर चले भजन-कीर्तन

अनेक मंदिरों में रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। शिवभक्तों ने चारों प्रहर की पूजा में भाग लेकर भगवान आशुतोष को प्रसन्न करने का प्रयास किया। महिलाओं और युवाओं की सहभागिता भी उल्लेखनीय रही।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा प्रमुख मंदिरों के आसपास सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा सहारनपुर शिवमय नजर आया और श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ भगवान शिव की आराधना कर जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!