नवाबगंज चौक पर मिला लापता बच्चा, पुलिस की तत्परता से परिजनों से हुआ मिलन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर के नवाबगंज चौक क्षेत्र में शुक्रवार सायं एक लापता बच्चे को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई से एक परिवार की बड़ी चिंता दूर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे नवाबगंज चौक पर एक छोटा बच्चा रोता हुआ अकेला खड़ा मिला। सूचना पर पहुंची एंटी रोमियो टीम ने बच्चे से उसका नाम और पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन वह सही जानकारी देने में असमर्थ रहा। सुरक्षा की दृष्टि से बच्चे को तुरंत थाना लाया गया और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस द्वारा विभिन्न माध्यमों से सूचना प्रसारित की गई। इसके बाद वार्ड नंबर 59 से पार्षद नदीम अंसारी एवं बच्चे के नाना थाने पहुंचे। पहचान के आधार पर बच्चे की शिनाख्त आरिस पुत्र जाहंगीर, निवासी रमजानपुरा, कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि बच्चा अपने नाना के यहां मोहल्ला शाहमादार आया हुआ था। वह नाना से पैसे लेकर आवश्यक सामान लेने के लिए बाहर निकला था, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण वापस नहीं पहुंच सका।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक मंजू सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता के चलते बच्चे को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की है।



















