सहारनपुर

मोदी-ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कथित मोदी-ट्रंप ट्रेड डील के विरोध में जिला मुख्यालय नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर इस डील को तत्काल निरस्त कराए जाने की मांग की। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष संजय कुमार जैन के नेतृत्व में एकत्र होकर जिला मुख्यालय पहुंचे जहां उन्होंने ट्रम्प-मोदी ट्रेड के विरोध में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि यह ट्रेड डील देश के किसानों, छोटे व्यापारियों, एमएसएमई सेक्टर और आम नागरिकों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस समझौते की शर्तों, संभावित लाभार्थियों और दूरगामी प्रभावों को लेकर न तो संसद में विस्तृत चर्चा हुई है और न ही देश की जनता को पूरी जानकारी दी गई है। ज्ञापन में कहा गया कि यदि भारतीय बाजार को विदेशी उत्पादों के लिए असंतुलित तरीके से खोला जाता है, तो इससे देश के किसानों और स्थानीय उद्योगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। पार्टी का आरोप है कि इस प्रकार के समझौते से कृषि क्षेत्र, रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर ट्रेड डील की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया और राष्ट्रपति से मांग की कि देशहित को ध्यान में रखते हुए इस समझौते को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए। साथ ही संविधान प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए केंद्र सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों में आप कार्यकर्ता शामिल रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!