सात दिवसीय रासेयो शिविर में स्वयंसेवकों ने जानी योग की महत्ता


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जेवी जैन इण्टर कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर में आज स्वयंसेवकों ने योग, सेवा, नैतिकता और संस्कारों का पाठ पढ़ा। चिलकाना रोड स्थित गाँव बालपुर के प्राथमिक विद्यालय में चल रहे शिविरि में प्रसिद्ध योग विशेषज्ञ कुलभूषण वर्मा ने आज प्रथम सत्र में स्वयंसेवकों को योग के विषय मे महत्त्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि शरीर, मन और आत्मा को नियंत्रित करने में योग मदद करता है। शरीर और मन को शांत करने के लिए यह शारीरिक और मानसिक अनुशासन का एक संतुलन बनाता है। योग तनाव और चिंता का प्रबंधन करने में भी सहायता करता है। उन्होंने बताया कि योग आसन, शक्ति, शरीर में लचीलेपन और आत्मविश्वास विकसित करने के लिए जाना जाता है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को अनुलोम विलोम, बटरफ्लाई, भ्रामरी जैसे सरल योग भी कराए। कार्यक्रम अधिकारी प्रदर्शन जैन ने कहा कि योग के सम्बन्ध में कुछ लोगों में यह बड़ी गलत धारणा है कि योग किसी धर्म जाति सम्प्रदाय विशेष का है। वास्तव में यह किसी धर्म विशेष का नही है बल्कि यह तो हमारे भारत की खोज है, हमारे पूर्वजों, आचार्यों के चिंतन मनन का परिणाम है। जैसे दवाई सबके लिए हितकर होती है, इसी प्रकार योग भी सबके लिए है। प्रवक्ता शशिमोहन ने कहा कि योग करने से हमें अच्छी नींद आती है तथा हमारा शरीर स्वस्थ और तंदुरुस्त रहता है। योग से हमें शांति तथा आनंद प्राप्त होता है। योग से हमारा मस्तिष्क एकाग्रचित होकर काम करता है तथा हमारे मन में अच्छे विचारों का निवास होता है। योग हमारे शरीर को स्वस्थ, लचीला तथा शक्तिशाली भी बनाए रखता है। इस दौरान शिविर में मौजूद स्वयंसेवक मौजूद रहे।


















