सहारनपुर

केवाईसी: सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम को लेकर मेगा कैंप आयोजित

आरबीआई मना रहा है वित्तीय साक्षरता सप्ताह, ग्रामीणों को किया जागरूक

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा मनाए जा रहे वित्तीय साक्षरता सप्ताह के तहत केवाईसी: सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम विषय पर पुंवारका ब्लॉक के ग्राम छजपुरा में एक मेगा कैंप आयोजित किया गया, जिसमें भारी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कैंप को भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ ऋषभ सक्सेना, डीडीएम नाबार्ड साद बिन अफरोज, एलडीएम कृष्णाणु दास, क्रिसिल फाउंडेशन की कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफिसर शीजा खानम और आरसेटी निदेशक ने संबोधित किया। इस दौरान ग्रामीणों को न केवल वित्तीय रूप से साक्षर किया गया, बल्कि केवाईसी, सीकेवाईसी, खाता स्वच्छता व मनीम्यूल की भी विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर को संबोधित करते हुए भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ ऋषभ सक्सेना ने केवाईसी और री-केवाईसी की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। उन्होंने डिजिटल फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि धोखेबाज हर दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपकी जीवन भर की कमाई डुबो सकती है। उन्होंने आरबीआई के हेल्पलाइन नंबर की जानकारी देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने का आग्रह किया। डीडीएम नाबार्ड साद बिन अफरोज ने कहा कि जिस तरह घर को सुरक्षित रखने के लिए मजबूत ताला जरूरी है, उसी तरह बैंक खाते को सुरक्षित रखने के लिए केवाईसी अनिवार्य है। एलडीएम कृष्णाणु दास ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बिना किसी देरी के अपने बैंक खातों की केवाईसी पूरी कराएं। क्रिसिल फाउंडेशन की कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफिसर शीजा खानम ने बचत, बजट और निवेश के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनने के गुर सिखाए। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने खातों की केवाईसी जरूर करा लें। आरसेटी के डायरेक्टर दीपक कुमार ने युवाओं को मुफ्त कौशल प्रशिक्षण लेकर अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में एफएलसी सैयद शान हुसैन, सीएफएल पुंवारका के प्रबंधक कंवरपाल सिंह, इंडियन ओवरसीज बैंक के ब्रांच मैनेजर, ग्राम प्रधान बीना सैनी, फील्ड कोऑर्डिनेटर अनिल कुमार, धनपाल व शिवकुमार के अलावा गांव के गणमान्य नागरिक और आसपास के बैंकों के शाखा प्रबंधक आदि मौजूद रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!