डिवाइडर से बंद होगा श्मशान घाट का रास्ता? ग्रामीणों ने जताया विरोध, मामला एसडीएम तक पहुंचा


शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट/सहारनपुर, । सहारनपुर–विकासनगर मार्ग पर रोड कंपनी द्वारा डिवाइडर निर्माण के दौरान श्मशान घाट का रास्ता बंद किए जाने की आशंका को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया है। मामला उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह के दरबार तक पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सुलतानपुर माली के श्मशान घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर डिवाइडर लगाए जाने की तैयारी चल रही है। इसकी सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान हाजी मुमताज हसन, पूर्व प्रधान जसराज सिंह, पूर्व प्रधान मो. इमरान, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार, ग्राम मरवा के प्रधान मा. सूरत सिंह तथा इशहाकपुर चेंची के प्रधान जोगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उक्त स्थान पर डिवाइडर बना दिया गया तो अंतिम संस्कार के लिए करीब 5 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर गंदेवड़ चौक होते हुए श्मशान घाट पहुंचना पड़ेगा। इससे शोकाकुल परिवारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
क्षेत्रवासियों ने यह भी बताया कि इस मार्ग से चार गांव जुड़े हुए हैं और डिवाइडर बनने से आवागमन प्रभावित हो सकता है। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की मांग पर डिवाइडर न लगाए जाने के संबंध में हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंप दिया है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है और ग्रामीणों को राहत मिलती है या नहीं।



















