मुठभेड़ में 25 लाख की खैर लकड़ी के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो वाहन व तमंचा बरामद


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद एक शातिर खैर लकड़ी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 25 क्विंटल खैर की लकड़ी (अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये), दो वाहन और अवैध तमंचा बरामद किया है, जबकि उसके साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 14 फरवरी 2026 को खारा पावर हाउस के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम रहना जानीपुर की ओर से दो वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और जंगल की ओर भागने लगे।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोनिश पुत्र रफीक निवासी ग्राम शेरपुर पैलो, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 01 देशी तमंचा .315 बोर, 01 खोखा कारतूस तथा 02 जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किए गए।
बरामद वाहनों में एक महिंद्रा स्कॉर्पियो (रजि. नं. UK 07AA 3600) शामिल है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट UK 07AA 8800 लगी हुई थी, तथा एक पिकअप वाहन (रजि. नं. UP 11CT 1206) भी जब्त किया गया। वाहनों से खैर की लकड़ी के 41 छोटे-बड़े टुकड़े, कुल वजन लगभग 25 क्विंटल, बरामद हुए। पुलिस के अनुसार तस्करों ने लकड़ी को छिपाने के लिए उसे पत्ता गोभी की सब्जी से ढक रखा था, ताकि जांच में भ्रम पैदा किया जा सके।
घटना के संबंध में थाना मिर्जापुर पर मुकदमा अपराध संख्या 42/25 धारा 109(1)/336(2) बीएनएस, 3/25/27 आयुध अधिनियम एवं 4/10 वन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, उपनिरीक्षक अवशेष भाटी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र, हेड कांस्टेबल सोविंद्र, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल चिराग एवं कांस्टेबल राहुल मोतला शामिल रहे।



















