लोहानी सराय में 54 अवैध दुकानों का मामला गरमाया, IGRS पर शिकायत दर्ज


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर के लोहानी सराय क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज से सटी लगभग 54 दुकानों के कथित अवैध संचालन और अतिक्रमण को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संबंध में मोहम्मद ताबिश एडवोकेट ने समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर नगर निगम प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोहानी सराय स्थित राजकीय इंटर कॉलेज से लगी उक्त दुकानें बिना किसी वैध आवंटन, लीज या अनुमति के वर्षों से संचालित की जा रही हैं। आरोप है कि पूर्व में आग लगने की घटना के बाद व्यापारियों द्वारा बिना स्वीकृति के पुनर्निर्माण कर लिया गया, जबकि अब तक इन दुकानों के संबंध में कोई वैधानिक अभिलेख सार्वजनिक नहीं किया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इन दुकानों से नगर निगम को किसी प्रकार का वैध किराया या शुल्क प्राप्त नहीं हो रहा, जिससे निगम को वर्षों से करोड़ों रुपये की राजस्व क्षति हो रही है। साथ ही दुकानों के आगे चार से पांच फीट तक अतिक्रमण कर सार्वजनिक भूमि व नालों पर कब्जा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे क्षेत्र में भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है और विद्यार्थियों व आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि जब तिब्बती मार्केट स्थित नेहरू मार्केट पर कार्रवाई की जा सकती है तो लोहानी सराय की दुकानों के विरुद्ध अब तक प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि सभी दुकानों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, वैध आवंटन की स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि कोई विधिसम्मत अनुमति न मिले तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। साथ ही अतिक्रमण हटाने और नगर निगम को हुई राजस्व क्षति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग की गई है।
मामला नगर विकास विभाग के अंतर्गत दर्ज किया गया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और लोहानी सराय क्षेत्र को अतिक्रमण से मुक्ति मिलती है या नहीं।



















