25 हजार का इनामी अंतर्राज्यीय गौकश मुठभेड़ में घायल, नकुड़ पुलिस ने दबोचा


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना नकुड़ पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी और अंतर्राज्यीय गौकशी के वांछित बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण, गोकशी, नकबजनी, हत्या, एनडीपीएस और चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए लगातार गश्त व चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 फरवरी 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक नकुड़ धर्मेन्द्र कुमार व उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार अधाना पुलिस बल के साथ अम्बैहटा से गंगोह मार्ग पर ग्राम रामसहायवाला गेट के पास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान गंगोह की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा करने पर वह मोटरसाइकिल मोड़कर जंगल की ओर कच्चे रास्ते से भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद पुत्र राशिद उर्फ राशू निवासी मोहल्ला कुरेशियान, कस्बा व थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार साजिद थाना नानौता में दर्ज मुकदमा संख्या 284/2025 धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम में वांछित था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। वह एक अंतर्राज्यीय शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध हरियाणा, उत्तराखंड और सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में गौकशी, लूट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित लगभग एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने उसके कब्जे से 01 तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस .315 बोर और 01 मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।











