सहारनपुर

गंगोह में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर गौकश घायल हालत में गिरफ्तार

दो तमंचे, कारतूस, गोकशी के उपकरण व जिंदा बछिया बरामद; कई आरोपी फरार

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना गंगोह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर गौकशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस .315 बोर, गोकशी के उपकरण तथा एक जिंदा बछिया बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में हत्या, गोकशी, नकबजनी, एनडीपीएस व चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रात्रि थाना गंगोह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कुण्डा कलां के जंगल में कुछ लोग गोकशी के लिए गाय ले जा रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने कुण्डा बिडौली मार्ग पर ग्राम कुण्डा कलां के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इस दौरान 7-8 व्यक्ति एक जिंदा गाय को लेकर जाते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अहसान उर्फ समीर पुत्र मुस्तफा निवासी ग्राम कुण्डा कलां थाना गंगोह तथा महमूद पुत्र राशिद निवासी ग्राम कुण्डा कलां थाना गंगोह के रूप में हुई है। शेष 5-6 आरोपी अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।

घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर किस्म के गौकश हैं और उनके विरुद्ध पूर्व में भी थाना गंगोह में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

मामले के संबंध में क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक सिसोदिया ने बताया कि जनपद में गोकशी जैसी आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!