रमज़ान, ईद व महाशिवरात्रि को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील, व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में रमज़ान माह, ईद तथा महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया तथा सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि सहारनपुर की गंगा-जमुनी तहज़ीब प्रदेश में मिसाल रही है। सभी धर्म अमन और शांति का संदेश देते हैं, इसलिए पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई समस्या हो तो प्रशासन को तत्काल अवगत कराया जाए, जिससे समय रहते उसका समाधान किया जा सके। नई परंपराएं शुरू करने से बचने और किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत न करने की अपील भी की।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्बाध विद्युत एवं जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा मस्जिदों व मंदिरों के आसपास विशेष साफ-सफाई रखी जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा करें। थानाध्यक्षों को थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने धार्मिक गुरुओं से अपील की कि नमाज आसपास की मस्जिदों में ही अदा की जाए तथा मस्जिद की क्षमता के अनुसार व्यवस्थाएं की जाएं। उच्चतम न्यायालय के ध्वनि संबंधी निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और 18 फरवरी से प्रारंभ हो रही बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनज़र ध्वनि मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने कहा कि शांति भंग करने वालों को चिन्हित कर पुलिस को सूचना दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों को बिना सोचे-समझे अग्रेषित न करने की अपील की गई तथा नवयुवकों को जागरूक करने का आह्वान किया गया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग व सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। मंदिरों में फिसलन रोकने के लिए मैट बिछाने तथा प्रमुख मंदिरों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। आबकारी विभाग को दुकानों के निर्धारित समय का पालन कराने व ओवररेटिंग रोकने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को त्योहारों के मद्देनज़र शुद्ध खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अभियान तेज करने को कहा गया।
ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम व यातायात पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीजे संचालकों, होटल व बैंक्वेट हॉल संचालकों के साथ बैठक कर ध्वनि मानकों और यातायात व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
शाकुम्भरी देवी मंदिर में आयोजित होने वाले होली मेला व नवरात्रि पर्व के लिए साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा एम्बुलेंस की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए। होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि स्थल ट्रांसफार्मर के निकट न हों।
बैठक में एसपी देहात सागर जैन, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सलिल कुमार पटेल, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, सहित सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, राजेश जैन, महेन्द्र तनेजा, ब्रित चावला, दलजीत कोचर, सरफराज खान, जामा मस्जिद प्रबंधक मौलवी फरीद, आमिर खान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी व शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।











