हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से हुआ विदाई समारोह
अर्शी बनीं मिस फेयरवेल, आकाश बने मिस्टर फेयरवेल


शहरी चौपाल ब्यूरो
चिलकाना । हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में विद्यालय प्रबंधक मंडल,प्रधानाचार्या सरिता गर्ग, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर कक्षा 12 के छात्रों का भावभीना स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें समूह नृत्य, गीत,भाषण,साड़ी ड्रेपिंग,टाई प्रतियोगिता आदि शामिल रहे। विदाई गीत की प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 की छात्राओं आरती एवं अंकिता ने किया।
विद्यालय की ओर से कक्षा 12 के सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वर्षभर की उपलब्धियों के आधार पर विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मिस फेयरवेल का खिताब अर्शी को तथा मिस्टर फेयरवेल का खिताब आकाश को प्रदान किया गया। समारोह के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती सरिता गर्ग ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को इंजीनियरिंग, चिकित्सा एवं अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में आगे बढ़कर विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।











